आईईएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की छात्राओं ने 'जॉब बज' नाम से ऐसा एप बनाया है, जिससे किसी भी शहर में स्थित कंपनी में उपलब्ध नौकरी तलाश की जा सकती है। यूजर को इस एप पर केवल रजिस्ट्रेशन करना होगा और उसे जॉब्स की सारी जानकारी स्मार्ट फोन या कंप्यूटर के जरिए मिल जाएगी। इसी कॉलेज के कुछ छात्रों ने एक दूसरा एप डिजाइन किया है, जाे छात्रों को किसी भी शहर के हॉस्टल तलाशने में मदद करता है।
जॉब बज को बनाने के लिए आईबीएम द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ग्रेट माइंड चैलेंज प्रतियोगिता में संस्थान की छात्राओं की टीम को दूसरा और हॉस्टल तलाशने के लिए एप बनाने वाली दूसरी टीम को तीसरा पुरस्कार मिला है। आईबीएम के बेंगलुरु स्थित सेंटर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर के 800 इंजीनियरिंग कॉलेजों के 2400 छात्रों ने हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में शामिल टीम को मोबालिटी टेक्नोलॉजी का उपयोग कर मोबाइल एप्लीकेशन बनाने थे। यह प्रतियोगिता फर्स्ट ऑफ बिग 4 मोबालिटी पर आधारित थी। छात्रों द्वारा बनाए गए दोनों एप मल्टी प्लेटफॉर्म मोबाइल एप्लीकेशन हैं, जो एंड्रोयड, विंडोज, आईफोन और डेस्कटॉप पर उपयोग कर सकते हैं।
जॉब बज बनाने वाली टीम में टीम आयुषी जैन, स्वाति जैन एवं सुप्रिया मुजूमदार शामिल हैं। जबकि हॉस्टल सर्च करने के लिए एप बनाने वाली टीम में अश्वनीनाथ तिवारी, काजल माहाले एवं ज्योति गुरु शामिल हैं। सभी छात्र- छात्राएं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के सातवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे हैं।






